स्वादिष्ट लिट्टी चोखा बनाने की विधि - Celebrity Trands
Skip to content

स्वादिष्ट लिट्टी चोखा बनाने की विधि

आइए शुरू करते हैं।
शुद्ध गेंहू का आटा ले लीजिये किसी बड़े बर्तन में। उसमे थोड़ा नमक, थोड़ा घी मिलाइए। इस आटे को कड़ा गूथ लीजिये। जैसे पूड़ी बनाने के लिये गूथते हैं, वैसे ही। लेकिन अगर आप सत्तू का पराठा बनाना चाहते हैं तो आटा बिल्कुल नर्म गूथें। (इसी विधि से आप सत्तू के पराठे भी बना सकते हैं) आटा गूथने के बाद उसे गीले कपड़े से ढक कर छोड़ दीजिये।
सत्तू के मसाले बनाने की तैयारी शुरू कर दीजिये। एक बर्तन में निम्न सामग्री लीजिये।
चने का सत्तू
कसूरी मेथी
नमक
अजवाइन
काला जीरा या कलौंजी
प्याज बारीक कटे हुए
अदरक बारीक कटे हुए
लहसुन भी बारीक कटे हुए
हरी मिर्च बारीक कटे हुए
गर्म मसाला
हींग
जीरा पावडर
काली मिर्च थोड़ी दरदरी पिसी हुई
अमचूर पाउडर
पुराने अचार के तेल और मसाले (वैकल्पिक)
शुद्ध सरसो तेल
इन सब को सत्तू में डाल कर अच्छे से मिला लें। सत्तू का मसाला थोड़ा चख कर देख लें। स्वाद चटकदार होनी चाहिए। नमक स्वादानुसार ही डालें लेकिन चटकीला स्वाद लाने के लिये उसमें नींबू निचोड़ें और काला नमक थोड़ा डालें। ध्यान रखें कि सत्तू का मसाला बहुत भुरभुरा न हो। चाहें तो उसमे हल्के पानी के छीटे डाल कर उन्हें गुथने जैसा कड़े हाथों से मिलाएं। प्याज, अदरक, लहसुन और आचार या सरसो के तेल से उसमे बंधने जैसे गुण आ जाएंगे। अब आपका मसाला तैयार हो गया।
इसके पहले कि हम लिट्टी बनाएं, चोखे की तैयारी कर लेते हैं।
ताजे उबले आलू
(वैसे तो हम आग पर सिकें हुए आलू पसन्द करते हैं मगर अब इतनी झंझट कौन करे कि आग पर सेंके)

बैंगन (इनको तो आग में पकाना ही होगा)
टमाटर (इनको भी)
सरकंडे वाली आग तो मिलने से रही। तो आप गैस के बर्नर पर ही जाली रख कर उस पर मध्यम आंच पर बैगन और टमाटर को उलट पलट कर अच्छे से सेंके। इस तरह कि उनके बाहरी परत जल जाय और बैगन अंदर तक पाक जाय। टमाटर तो छोटे होते ही है, जल्दी पक जाते हैं। मगर बैगन का चुनाव मध्यम से छोटे आकार वाले ही करें जो अधिक मोटे न हों। वैकल्पिक तौर पर आप इन्हें ओवन में भी सेंक सकते हैं।
इन्हें ठंडे जल में डाल दें। हल्के हांथो से छिलके उतार लें। एक दूसरे बर्तन में उबले आलू, आग पर सिंके हुए बैगन, और टमाटर को अच्छी तरह मेस कर लें। अब इनको छौंक लगाने की जरूरत है।
प्याज छोटे आकार में काट लें। लहसुन, हरी मिर्च, अदरक बारीक काट लें। अगर धनिया पत्ती हो और प्याज की भाजी हो तो सोने पे सुहागा। इन्हें भी बारीक काट लें।
एक कढ़ाई में थोड़े घी डालें। गर्म होने के पहले हीं उसमें थोड़ा जीरा और सरसो के दाने डालें। चटकने की आवाज आते हीं उसमे कटे हुए प्याज, अदरक, लहसुन और हरी मिर्च डालें। थोड़ा पकने के बाद थोड़ा हल्दी पाउडर, नमक, थोड़ा काली मिर्च और जीरा पाउडर और हींग डालें। मसाले डालने के तुरंत बाद एक बार चलाने बाद उसमे उबले आलू, बैगन और टमाटर का मिश्रण डाल दें। याद रखें कि आलू ताजे उबले हों वरना वे चोखे में ठीक से मिक्स नहीं होंगे। फ्रिज में रखे उबले आलू से सिर्फ रसदार सब्जी बनाई जा सकती है। मगर चोखे के लिये तो ताजी उबली हुई हीं चाहिए।
अच्छे से मिलाने के बाद उसे किसी बर्तन में निकाल लें। उस पर धनिया की पत्तियों और प्याज की बारीक कटी भाजी डाल दें।
कई लोग इसे बिना छौंक लगाए भी खाते हैं। सभी सामग्री को बस बर्तन में मिला लेते हैं और इसमें सरसों का कच्चा तेल डालते हैं। इससे इसके स्वाद में बढ़ोतरी हो जाती है।
लिट्टी बनाने की दो विधि है। आप इसे आग पर सेंक कर पका सकते हैं या फिर घी में तल कर। आग में सेंकने का दूसरा विकल्प है ओवन में सेकना। रोटी जितनी बड़ी लोई ले कर उसे गोलाई में हाथों के बीच रख कर घुमाते हुये एक गोल आकार दें। अब इसमें बीच से गहरा करते हुए उसके किनारे निकालते हुए गहराई बनाएं। उचित गहराई बनने के बाद उसे हथेलियों के बीच रख कर उसमे सत्तू का मिश्रण भरें। कितना भरना है, ये आपके रुचि पर निर्भर है। लेकिन बहुत अधिक भर हुआ अच्छा नहीं होगा। लेकिन बहुत कम भरा हुआ भी अच्छा नहीं होगा। इसलिये जितनी बड़ी लोई, उससे कम भरावन डाले। अब उसे हल्के हाथों से दबाते हुए, गोलाई में किनारों को बंद करें और अंततः गोल पिट्ठी जैसे आकार ले कर उन्हें कचौड़ी के आकार में हाथों के बीच मे रख कर हल्का चपटा करें। ये आकार तलने के लिये सही है। अगर आप आग में सेंकने के तैयारी में हैं या ओवन में तो आप इसे गोल ही रहने दें।
तल कर बनाने के लिये हल्के गर्म तेल या घी में इसे डाले। मध्यम आंच पर पकने दें। उलट पलट कर दोनों तरफ गुलाबी रंग के होने तक सेंके। उसके बाद निकाल लें। गर्म गर्म परोसें।
आग पर सेंकने के लिये मध्यम आंच वाले लकड़ी के कोयले के बार बी कयू में सेंके। या ओवन में सेंकने के लिये उसे ओवन के ट्रे में फैला कर मध्यम आंच पर सेंके। बारी बारी से उलट पलट का सेंके।
सिंकने के बाद उसे घी से भरे बर्तन में डुबोएं। और गर्म गर्म परोसे। कुछ इस तरह। कुछ लोग उसे बीच से तोड़ कर उस पर गर्म घी डालते हैं और फिर उसे चोखे के साथ खाते हैं। चोखे जो ऊपर बनाये थे।
कुछ इस तरह, ये आग पर सेंके गए।
औऱ ये तले गये।
ये ओवन में सेंके गए।
[1] चित्रों के अधिकार उनके मालिकों के पास सुरक्षित है जो गूगल से लिए गए हैं। चित्र केवल प्रतीकात्मक है।
Welcome to my Blog Food Lovers

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *